calm sky during daytime

उर्मिला की भूमिका

SUDHIR BIRLA

white clouds and blue sky

यह कविता उर्मिला के उस मौन, अप्रत्यक्ष और अतुलनीय त्याग को स्वर देती है, जो रामायण की कथा में अक्सर अनदेखा रह जाता है। लक्ष्मण के धर्मपथ पर अग्रसर होने के पीछे उर्मिला का संयम, निद्रा-त्याग और आत्मबल ही वह शक्ति है, जिसने इतिहास की धारा को दिशा दी। प्रेम, कर्तव्य और आत्मोत्सर्ग की यह कविता उर्मिला की अद्वितीय भूमिका को श्रद्धांजलि है।

वचन पिता का और राम ने ,

सिंघासन का त्याग किया ,

शक्ति स्वरुप प्रज्ञ सीता ने,

क्षण भर में वैराग्य लिया |

लक्ष्मण का भी त्याग श्रेष्ठ था ,

भावज भ्रात संग वनवास लिया ,

त्याग उर्मिला का दिव्य था किन्तु,

चेतनत्व को लाँघ लिया |

सहृदय सुनयना तथा नरेश जनक की,

पुत्री यशस्वी उर्मिला थी वो ,

प्रबल रश्मि का तेज मस्तक पर ,

वैदेही की भगिनी थी वो |

वल्कल वस्त्र धारण कर ,

जब वन जाने को तैयार हुए ,

वाणी सुन उर्मिला की ,

लक्ष्मण भी नि:शब्द हुए |

हे भर्ता, कहा उर्मिला ने ,

राजप्रसाद का मोह नहीं है ,

मेरा उद्देश्य, प्रयोजन तुम्हारा ,

संग चलूंगी, मैं भी तिहारे |

कहा लक्ष्मण ने, हे उर्मिले ,

चौदह बरस, निद्रा का परित्याग करूँगा ,

सेवा में भ्रात भावज की, रात्रि जगूंगा ,

ना दिन को मैं आराम करूँगा |

परिचर्या परिजन सर्वजन हेतु,

तुम रत रहो, तुम धैर्य धरो ,

दृढ़ प्रतिज्ञ हो, हे भार्या

नलिन दृगों में न अश्रु भरो |

वचन बद्ध भार्या ने,

अश्रु का परित्याग किया ,

ह्रदय वेदना की कर उपेक्षा ,

अयोध्या ही में निवास किया |

पिता जनक के संग मिथिला को ,

प्रस्थान से भी इंकार किया ,

ध्येय पृथक हैं हर जीवन के ,

संकल्प स्वयं का ध्यान किया |

मेघनाद को वरदान प्राप्त था ,

मोक्ष उस प्राणी से मिलेगा ,

निद्रा त्याग चौदह वर्षों तक ,

जीवधारी जो सो न सकेगा |

निद्रा की देवी ने, सेवारत लक्ष्मण को ,

चौदह बरस जागने का वरदान दिया ,

उर्मिला ने एवज में समकक्ष समय ,

सुप्तावस्था को स्वीकार किया |

सुलोचना के छलकते थे अश्रु,

वेदना थी द्रवित ह्रदय था ,

निकट धव का पार्थिव शरीर था ,

किन्तु लक्ष्मण को बतलाना था ,

हे सुमित्रानंदन, गर्व न करना ,

वध करों से तेरे न संभव था ,

शक्ति न थी ब्रह्माण्ड समस्त में ,

मेघनाद का वध करने की ,

शक्ति थी भार्या की तेरी ,

या अंततः भाग्य था मेरा ,

निद्रा तेरी अंगीकार ना होती ,

मेघनाद कदाचित परास्त ना होता |

उर्मिला को वरदान प्राप्त था ,

कई कार्य संग कर सकती थी ,

निद्रा में भी जागृत थी वो ,

परिजन सुश्रूषा कर सकती थी |

पृष्ठभूमि में रामायण की ,

प्रेम, त्याग, धर्म वेदिका ,

अप्रत्यक्ष किन्तु थी अनुपम ,

उर्मिला की अद्वितीय भूमिका |

उर्मिला की अद्वितीय भूमिका |

© sudhirbirla